मांडल (चन्द्रशेखर तिवाड़ी) । सरकार की योजनाओं का फायदा बिना किसी भेदभाव के आमजन तक पहुंचे यह अधिकारी सुनिश्चित करें। यह बात नवनिर्वाचित विधायक उदयलाल भडाणा ने कस्बे के सीउमावि में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम के मांडल ब्लॉक में शुभारंभ पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी योजना का लाभ लेने के लिये कही। भडाणा ने कहा आप और हम जनता के नौकर हैं और जनता को किसी ने अनावश्यक परेशान किया तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद आमजन से कहा कि यदि उन्हें कोई अधिकारी या पार्टी कार्यकर्ता नाजायज परेशान करता है तो वह सीधे मुझसे सम्पर्क करके बताएं। विधायक ने कहा हम किसी राजनीतिक कार्यक्रम में मनरेगा के श्रमिकों व मेटों को नहीं बुलाएंगे फिर भी कोई मेट या अधिकारी श्रमिकों को परेशान करता पाया तो ठीक नहीं होगा। इसके पश्चात विधायक भडाणा ने उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई और विकसित भारत संकल्प भारत यात्रा के रथ को झंडी दिखाकर अन्य पंचायतों के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी हुक्मीचंद रोहलानिया, पं.स. के विकास अधिकारी मुकेश जैमन, अतिरिक्त विकास अधिकारी पवन मंडोवरा, सहायक अभियंता(नरेगा) अब्बास अली खान, जलदाय विभाग के महेश नराणिया, मांडल ग्राम पंचायत के सरपंच संजय भंडिया, लादूवास पंचायत के सरपंच मुरलीधर जोशी, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुरेन्द्र प्रताफ सुवालका पार्टी कार्यकर्ता ओम भंडिया, छीतरमल काबरा, लालकृष्ण सेन, कमलेश गुढा सहित अनेक सरपंच और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद थे।